पटना , फरवरी 08 -- िहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को अधिकारियों को कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया है। श्री कुमार ने आज कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को बताया कि इस परियोजना को तेजी से पूरा किया जा रहा है। बचे हुये कार्य को अप्रैल माह तक पूर्ण कर लिया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के बचे हुये कार्यों को तेजी से पूर्ण करें। साथ-साथ पहुँच पथ का भी निर्माण कार्य पूर्ण करें, जिससे आवागमन निर्बाध और सुचारू रूप से हो सके। उन्होंने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के पूर्ण होने से इस क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से निर्बाध सड़क सम्पर्कता मिलेगी। इस क्षेत्र में कृषि, उद्योग सहित अन्य व्यवसायों का और तेजी से विकास होगा। आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में इलाज के लिये पटना पहुँचने में मरीजों को भी काफी सुविधा होगी।

श्री कुमार ने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के प्रथम चरण के लोकार्पण के बाद पटना से राघोपुर तक की सम्पर्कता बहाल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वह इस परियोजना के निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण करते रहे हैं और इसे जल्द पूरा करने के लिये अधिकारियों को निर्देशित करते रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से महात्मा गांधी सेतु पर भी यातायात का भार कम होगा तथा उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार की सम्पर्कता के लिये लोगों को एक और वैकल्पिक मार्ग मिलेगा, जिससे आवागमन और सुगम होगा।

उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से पटना शहर के बाहर से ही लोग उत्तर बिहार के विभिन्न जगहों पर आसानी के साथ आवागमन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे से कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना जुड़ेगा, जिससे समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी की तरफ जानेवाले लोगों को काफी सहूलियत होगी और समय की बचत होगी। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में गुणवत्तापूर्ण सड़कों एवं पुलों का लगातार निर्माण कर आवागमन को सुगम बना रही है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा 23 जून 2025 को कच्ची दरगाह (पटना) से राघोपुर दियारा (वैशाली) तक नवनिर्मित पथांश का उद्घाटन किया गया था। पटना जिला अन्तर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-30 पर अवस्थित कच्ची दरगाह एवं वैशाली जिला अन्तर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ सख्या-103 पर अवस्थित बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर कुल 19.76 कि.मी. लम्बाई के 6 लेन ग्रीन फिल्ड पुल परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत 9.76 कि०मी० लम्बा पुल तथा 10 कि.मी.लम्बा पहुंच पथों का निर्माण कार्य होना है।

प्रथम चरण में कच्ची दरगाह, पटना से राघोपुर दियारा, वैशाली (कुल लम्बाई 4.57 कि.मी.) का उद्घाटन हो चुका है। द्वितीय चरण में हाजीपुर-महनार पथ (एन.एच.-122बी) से चकसिकन्दर (एन.एच-322) तक तथा तृतीय चरण में राघोपुर दियारा से हाजीपुर-महनार पथ (एच.एच.-122बी) का निर्माण किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, पटना जिला के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम, वैशाली की जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा, वैशाली के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग सहित वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित