अरवल, मार्च 23 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को समृद्धि यात्रा के दौरान अरवल जिले को 153 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में अरवल जिला अंतर्गत बेलखरा के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में 153 करोड़ रुपये की लागत से 272 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 90 करोड़ रुपये की लागत से 250 योजनाओं का उद्घाटन तथा 63 करोड़ रुपये की लागत से 22 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
श्री कुमार ने अरवल जिले के ग्राम पंचायत अबगीला के ईटवां बाजार में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अंतर्गत सामुदायिक स्वच्छता परिसर निर्माण कार्य तथा सात निश्चय पार्ट-3 के अंतर्गत अबगीला पंचायत के ईटवां हाई स्कूल के पास सुधा होल डे मिल्क बूथ का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने राजकीयकृत 2 उच्च विद्यालय ईटवां के प्रांगण में कराये गए उन्नयन कार्य का फीता काटकर उद्घाटन कर निरीक्षण किया।
श्री कुमार ने निरीक्षण के क्रम में खगोल विज्ञान प्रयोगशाला, स्मार्ट लर्निंग हब, आईएसएम लैब का जायजा लिया। उन्होंने जायजा के क्रम में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग अंतर्गत चार लाख 12 हजार 500 रुपये का सांकेतिक चेक लाभुक को प्रदान किया। आत्मरक्षार्थ के लिये विद्यालय प्रांगण में कराटे की प्रशिक्षण ले रही छात्राओं से मुख्यमंत्री ने बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया तथा उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर स्वागत गान एवं छठ अनुष्ठान के गीत पर नृत्य कर छात्राओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित