पटना , अक्टूबर 06 -- बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 14 नवंबर को जीत की नई पटकथा लिखने के लिए पूरी तरह तैयार है।

श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि राजग की चुनावी तैयारियाँ हर मोर्चे पर पूरी तरह पुख्ता हैं। उन्होंने कहा कि जिला और विधानसभा स्तरीय सम्मेलनों के माध्यम से बूथ स्तर तक सभी कार्यकर्ताओं को संगठित किया गया है, जिससे विपक्ष का मनोबल पहले से ही धराशायी हो चुका है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि चुनावी रणभूमि में उतरने के लिए राजग के पांचों दलों के कार्यकर्ता उत्साह और आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि श्री कुमार के नेतृत्व में राजग 14 नवंबर को जीत की नई पटकथा लिखने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि बीते 20 वर्षों में मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बिहार का कायाकल्प किया, समाज के सभी वर्गों तक विकास की किरणें पहुँचाईं और कानून का राज स्थापित कर एक भयमुक्त माहौल सुनिश्चित किया। यही वजह है कि जनता का मन-मिजाज पूरी तरह राजग के पक्ष में है।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वे लोग, जिनकी वजह से बिहार को कभी 'बीमारू' राज्य का तमगा मिला था और जिन्होंने राज्य के खजाने का दुरुपयोग किया तथा अपराधियों को पाल पोषकर जंगलराज कायम किया, जनता ऐसे लोगों पर कभी भरोसा नहीं करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि श्री कुमार के नेतृत्व में राजग 2010 से बड़ी जीत की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास विकास और सुशासन का कोई विकल्प नहीं है, और जनता अब उनके झूठ और दुष्प्रचार पर विश्वास नहीं करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित