पटना , दिसंबर 19 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आत्मनिर्भरता, रोजगार और समावेशी विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
श्री प्रसाद ने आज मीडिया में जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की राजनीति का मूल आधार केवल वादे करना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध और प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारना रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता बीते वर्षों में यह बार-बार देख चुकी है कि जो भी संकल्प मुख्यमंत्री श्री कुमार ने लिया, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ अमलीजामा पहनाने का काम किया गया।
श्री प्रसाद ने कहा कि वर्ष 2025 से 2030 के बीच बिहार औद्योगिकीकरण का एक सशक्त केंद्र बनकर उभरेगा, जहां आधुनिक आधारभूत संरचनाओं का व्यापक विकास होगा और राज्य में नए-नए औद्योगिक निवेश आकर्षित होंगे। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक पार्क और कौशल विकास से जुड़ी परियोजनाओं के माध्यम से बिहार को निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि इन पहलों का सीधा लाभ बिहार के युवाओं को मिलेगा, क्योंकि आने वाले वर्षों में लाखों की संख्या में नौकरी और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। उद्योगों के विस्तार से न केवल प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, बल्कि सहायक क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर आजीविका के साधन विकसित होंगे।
श्री प्रसाद ने जोर देकर कहा कि आजादी के 77-78 वर्षों के बाद पहली बार बिहार एक वास्तविक औद्योगिक क्रांति का साक्षी बनने जा रहा है, जहां विकास केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित