पटना , अप्रैल 10 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक काम किए हैं।

श्री चौधरी ने आज राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर नीतीश कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि श्री कुमार ने बिहार में सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।बिहार में सुदृढ़ आधारभूत संरचना, बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था, महिलाओं के सशक्तिकरण की प्रभावी पहल और मजबूत कानून-व्यवस्था ने राज्य को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले अदालत ने भी जिस बिहार को जंगलराज का उपमा दिया था, वहां श्री कुमार ने सुशासन स्थापित करने का काम किया।

श्री चौधरी ने कहा कि न्याय के साथ विकास के मंत्र के साथ बिहार ने प्रगति और समावेशी विकास का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी को सम्मान देने के लिए पंचायत और निकाय चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, जो पूरे देश के लिए अनुकरणीय उदाहरण बना।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कुमार का करीब चार दशकों का संसदीय अनुभव रहा है। इस दौरान वे लोकसभा और बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के सदस्य रहे हैं। साथ ही, अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में उन्होंने रेल मंत्री और कृषि मंत्री के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और एतिहासिक निर्णय के भागीदार बने।

श्री चौधरी ने कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के साथ ही श्री कुमार उन गिने-चुने नेताओं में शामिल हो गए हैं, जो चारों सदनों के सदस्य रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यसभा में श्री कुमार का अनुभव, दूरदर्शिता और जनहित के प्रति समर्पण देश की नीतियों को नई दिशा देगा और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावी होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित