चेन्नई , मार्च 08 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस्तीफा देने पर मजबूर करने का आरोप लगाया है और कहा है कि इसके बाद उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है और आने वाले समय में अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी का भी वही हाल होगा।
उल्लेखनीय है कि श्री पलानीस्वामी आगामी तमिलनाडु चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के मुख्यमंत्री उम्मीदवार हैं। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष श्री स्टालिन ने शनिवार रात मदुरै में एक सार्वजनिक बैठक दावा किया कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा श्री पलानीस्वामी की जगह किसी और को अन्नाद्रमुक का महासचिव बना सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अन्नाद्रमुक का 'खून चूसेगी'। उन्होंने कहा कि जैसा भाजपा ने श्री कुमार के साथ किया, वैसा ही श्री पलानीस्वमी के साथ होगा।
श्री स्टालिन ने दावा किया कि अगर उन्होंने राजग के साथ चुनावी गठबंधन करने के भाजपा के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया होता, तो भगवा पार्टी ने कुछ समय पहले ही बदलाव की योजना बना ली होती।
श्री स्टालिन ने अपना वादा भी दोहराया कि एक बार जब उनके नेतृत्व वाली द्रविड़ मॉडल 2.0 सरकार सत्ता में वापस आ जाएगी और दूसरे कार्यकाल के लिए सरकार बनाएगी, तो महिलाओं को प्रति माह मिलने वाली 1,000 रुपये की मदद को बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित