पटना , मार्च 24 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को चौथी बार निर्विरोध जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गये हैं।

श्री कुमार ने 19 मार्च को अपना नामांकन दाखिल किया था। 22 मार्च को नामांकन की आखिरी तारीख तक इस पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया और यह स्पष्ट हो गया कि श्री कुमार निर्विरोध इस पद के लिए चुने जाएंगे।

इस चुनाव प्रक्रिया के तहत आज नाम वापस लेने की अंतिम तिथि थी और कोई भी प्रतिद्वंद्वी नहीं होने के कारण श्री कुमार को औपचारिक रूप से निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुमार को 16 मार्च को राज्यसभा के लिए भी चुना गया, जो उच्च सदन में उनका पहला कार्यकाल होगा। इससे पहले वह लोकसभा के सदस्य रहने के साथ बिहार विधानसभा और विधान परिषद-दोनों सदनों का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस प्रकार श्री कुमार अब उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गये हैं, जिन्हें चारों विधायी सदनों का सदस्य चुने जाने का गौरव प्राप्त है।

जदयू की स्थापना 2003 में हुई थी और तब से अब तक पार्टी के पाँच राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं। जॉर्ज फर्नांडिज 2003 से 2006 तक इस पद पर रहे, इसके बाद शरद यादव 2016 तक पार्टी के अध्यक्ष रहे। श्री कुमार ने पहली बार 2016 में यह जिम्मेदारी संभाली और 2020 तक पद पर रहे, जिसके बाद उन्होंने यह जिम्मेदारी अपने बेहद करीबी आर सी पी सिंह को सौंपी। इसके बाद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह 2021 से 2023 तक जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। श्री कुमार ने 2023 में फिर से यह पद संभाला और वर्तमान में भी इस पद पर बने हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित