पटना , अक्टूबर 17 -- बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल एवं सक्षम नेतृत्व में वर्ष 2010 से भी बड़े बहुमत के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की पुनर्वापसी तय है।
श्री कुशवाहा ने बयान जारी कर कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में ऐतिहासिक बहुमत से राजग सरकार की पुनर्वापसी तय है, वहीं दूसरी ओर तथाकथित महागठबंधन अंदरूनी मतभेदों के कारण खंड-खंड में बंटा हुआ है और किसी भी स्तर पर राजनीतिक चुनौती देने की स्थिति में नहीं है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की जागरूक जनता झूठ, छल और दुष्प्रचार की राजनीति को पूर्णतः खारिज कर चुकी है तथा विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की ठोस नीति के आधार पर राजग को प्रचंड जनादेश देने के लिए संकल्पबद्ध है। ऐसे में महागठबंधन नकारात्मकता और भ्रम फैलाकर सत्ता में आने का चाहे जितना भी प्रयास कर ले, उनकी यह आकांक्षा अंततः एक मृगतृष्णा ही साबित होगी।
श्री कुशवाहा ने कहा कि श्री कुमार ने कानून का शासन स्थापित कर बिहार को 'जंगलराज' की दहशत और अराजकता से मुक्ति दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। इसके बावजूद, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और तथाकथित महागठबंधन राज्य को पुनः उसी भयावह दौर में धकेलने की कुत्सित कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता अब उनके मंसूबों को भली-भांति समझ चुकी है और 'जंगलराज' की मानसिकता से ग्रसित किसी को भी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 14 नवंबर को विकास विरोधी विपक्षी ताकतों का राजनीतिक सफाया निश्चित रूप से होने वाला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के कुशल नेतृत्व में राजग सरकार बिहार के विकास को नई उंचाइयों तक ले जाने के लिए संकल्पित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित