पटना , अप्रैल 04 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) की प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार में बिहार औद्योगिक निवेश का हब बन रहा है।

जदयू प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा ने आज बयान जारी कर कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से उद्योगपति बिहार में निवेश को लेकर लगातार रुचि दिखा रहे हैं। ये इस बात का प्रमाण है कि बिहार अब केवल संभावनाओं की धरती नहीं, बल्कि उद्योग, निवेश और रोजगार के लिए तेजी से उभरता हुआ विश्वसनीय स्थल बन चुका है। उन्होंने कहा कि निवेशकों की इस अभूतपूर्व रुचि को देखते हुए राज्य सरकार ने बिहार प्रोत्साहन पैकेज की अवधि 31 मार्च से बढ़ाकर 30 जून तक करने का फैसला लिया है।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में 100 से अधिक कंपनियों द्वारा निवेश की तैयारी यह दर्शाती है कि राज्य की नई औद्योगिक नीति और निवेश-अनुकूल वातावरण का असर अब जमीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावित निवेशों के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों में 70 हजार से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है, जो बिहार के युवाओं के लिए आशा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय खोलेगा, साथ ही लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का संभावित निवेश राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति, नई ऊर्जा और नया विस्तार प्रदान करेगा।

श्रीमती अंजुम आरा ने कहा कि बिहार में आज जो औद्योगिक माहौल बना है, वह किसी संयोग का परिणाम नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन, कानून-व्यवस्था में सुधार, बुनियादी ढ़ांचे के विस्तार और निवेशकों के प्रति भरोसेमंद नीतिगत प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज बिहार देश के निवेश मानचित्र पर मजबूती से उभर रहा है और यह परिवर्तन राज्य के विकास की नई पहचान बन चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित