पटना, जनवरी 09 -- जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक ऐसे जननेता हैं, जिनकी राजनीति आम जनता और लोकतांत्रिक संवाद के साथ आगे बढ़ती है।
श्री प्रसाद ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार जनता से जुड़े हुए नेता हैं और बिहार के अलग-अलग इलाकों में यात्रा तथा लोगों से सीधा संवाद उनकी विशिष्ट कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार लोकतंत्र में जनता को सबसे आगे रखते हुए न केवल उनकी बात सुनते हैं, बल्कि उनसे प्राप्त फीडबैक को शासन और नीति निर्माण का आधार भी बनाते हैं।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि श्री कुमार की जन यात्राओं से यह साफ झलकता है कि जन समस्यायों और कार्यशील योजनाओं की समीक्षा को लेकर कितने गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं से श्री कुमार को जहां भी विकास कार्य चल रहे हैं, उनकी वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करने में मदद मिलती है और उसी आधार पर राज्य के पुनर्निर्माण और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आगे की ठोस योजना की नींव भी रखी जाती है।
श्री प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री के पूर्ववर्ती कार्य बिहार के लिए एक युगांतकारी परिवर्तन ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार की परिकल्पना के तहत उद्योग, निवेश, आधारभूत संरचना के सशक्त निर्माण और समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तीकरण की दिशा में जो निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, उनसे आने वाले समय में राज्य के विकास की तस्वीर तय होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के संतुलन के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित