दरभंगा, सितंबर 26 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दरभंगा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के राघोपुर गांव में शुक्रवार को आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन सह जनसभा के दौरान उचक्कों ने सभा स्थल पर मौजूद 12 से अधिक महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र गायब कर दिये।
सभा समाप्त होने के बाद महिलाओं को अपने गहनों के चोरी होने का अहसास हुआ। कई महिलाएं अपने गले से चेन और मंगलसूत्र गायब देखकर फूट-फूटकर रोने लगीं। पीड़ित महिलाओं और उनके परिजनों ने घटना की जानकारी देते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
महिलाओं ने कहा कि जब मुख्यमंत्री की सभा जहां सैकड़ो की संख्या में पुलिसकर्मी है और इतनी बड़ी घटना हो सकती है तो खुली सड़कों पर लोग कैसे सुरक्षित रहेंगे। पीड़ित महिलाएं अपने गुम हुए गहनों की तलाश में भटकती रहीं।
घटना के बाद से महिलाओं में भारी आक्रोश दिखा जिसके बाद सभी ने मुख्य सड़क जाम कर हंगामा किया, जिससे दरभंगा के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक की गाड़ी समेत कई गाड़ियां फंसी रही।कारवाई के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित