पटना , अप्रैल 8 -- बिहार के संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को संकेत दिया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राज्यसभा सदस्यता से जुड़ी औपचारिकताएं संभवतः शुक्रवार तक पूरी हो जाएंगी।
श्री चौधरी ने आज संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि श्री कुमार गुरुवार को नई दिल्ली जाएंगे और शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे।
मंत्री ने नई सरकार के गठन को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में कहा कि श्री कुमार राज्यसभा से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक में शामिल होंगे, जहाँ राज्य में नई सरकार के गठन की रूपरेखा तय की जाएगी।
श्री चौधरी ने कहा कि सरकार का गठन "उचित और शुभ समय" पर होगा और इस तरह के निर्णय सोच-समझकर लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद श्री कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की संभावना है, जिसके बाद राजग सहयोगियों के बीच विचार-विमर्श शुरू होगा। उन्होंने कहा कि राजग के सभी घटक दल मिलकर नई सरकार के बारे में सामूहिक निर्णय लेंगे।
मंत्री ने कहा कि श्री कुमार 11 अप्रैल को दिल्ली में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद पटना लौट सकते हैं। इस दौरान दिल्ली में उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने की भी संभावना है।
इस बीच, 10 अप्रैल को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक अहम बैठक होने की उम्मीद है, जिसमें वरिष्ठ नेता बिहार के नेतृत्व और नए मुख्यमंत्री के चयन पर विचार कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि श्री कुमार 16 मार्च को अन्य नेताओं के साथ राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे, जिनमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीन नवीन, रामनाथ ठाकुर, शिवेश राम और उपेन्द्र कुशवाहा शामिल हैं।
जदयू के रामनाथ ठाकुर और हरिवंश, राजद के अमरेन्द्रधारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता तथा आरएलएम अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का कार्यकाल 09 अप्रैल को समाप्त हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित