राजनांदगांव , अक्टूबर 06 -- कांग्रेस की ओर से घोषित संगठन वर्ष के तहत 'संगठन सृजन' अभियान की शुरुआत मुंबई कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता चरण सिंह सापरा ने राजनांदगांव से की।

इस अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता में श्री सापरा ने कहा कि संगठन सृजन का मूल उद्देश्य कांग्रेस के जिला स्तर पर नेतृत्व को और अधिक सशक्त एवं अधिकार संपन्न बनाना है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण एवं शहर) को मजबूत करने, सच्चे, ईमानदार और निष्ठावान नेतृत्व के चयन के साथ-साथ बूथ, सेक्टर और जोन स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य है कि जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों को प्रशिक्षित कर उन्हें जनता से सीधे जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाए।

श्री सापरा ने कहा कि संगठन सृजन के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ताओं के कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि योग्य नेतृत्व को जिम्मेदारी दी जा सके। कांग्रेस धरातल पर जाकर आम जनता और सामाजिक संगठनों से संवाद स्थापित कर संगठन को मजबूत करने के मिशन पर है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ध्रुवीकरण नीति ने देश में जातीय और राजनीतिक द्वेष की स्थिति उत्पन्न कर दी है। संविधान खतरे में है और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग आम बात हो गई है। ऐसे समय में कांग्रेस का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए अधिनायकवाद को समाप्त करना और अपने राजनीतिक धर्म का पालन करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित