पटना, मार्च 25 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने पार्टी के संगठन को सुदृढ़ करने के उदेश्य से बुधवार को प्रदेश कार्यालय में सारण कमिश्नरी के तीन महत्वपूर्ण जिलों गोपालगंज, सिवान एवं छपरा के जिलाध्यक्षों तथा संबंधित जिलों के प्रखंड अध्यक्षों के साथ गहन विचार विमर्श किया।

पार्टी के प्रखंड अध्यक्षों को संबोधित करते हुए श्री कुमार ने कहा कि वह अपने पिता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे तथा सदैव पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाने की उनकी परंपरा को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं तथा जमीनी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का है।

श्री कुमार ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि जिस तरह पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके पिता मुख्यमंत्री श्री कुमार पर अपना स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद बनाए रखा है, वही स्नेह और समर्थन उन्हें भी प्राप्त होगा। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं से कहा कि पिछले 20 वर्षों के दौरान उनके पिताजी के किए गए कार्यों और उपलब्धियों को बुकलेट के माध्यम से घर घर तक पहुँचाया जाए। विशेष रूप से वर्ष 2005 के बाद बिहार में स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुँचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री कुमार के चौथी बार पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।

निशांत कुमार ने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं से ही बनती है, इसलिए सभी प्रखंड अध्यक्ष अपने अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जनता से संवाद बढ़ाएँ और पार्टी की नीतियों एवं विकास कार्यों को जन जन तक पहुँचाने का कार्य करें।

इस अवसर पर उपस्थित जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों ने भी अपने अपने जिलों की संगठनात्मक स्थिति से श्री कुमार को अवगत कराया। सभी ने अपनी राय रखते हुए जिला संगठन में कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय करने तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित