पटना , मई 02 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को कहा कि 03 मई से पश्चिमी चंपारण से प्रारंभ हो रही निशांत कुमार की ''सद्भाव यात्रा'' को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है और इससे पार्टी के अंदर नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि बापू की कर्मभूमि से आरंभ होने वाली यह यात्रा बिहार की राजनीति में एक नए युग का सूत्रपात करेगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान श्री निशांत जिला से लेकर पंचायत स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करेंगे, जिससे संगठनात्मक सुदृढ़ता के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस यात्रा का सकारात्मक प्रभाव आने वाले कई दशकों तक बिहार की राजनीति में दिखाई देगा।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्री निशांत ने संकल्प लिया है कि वे नीतीश कुमार की ओर से स्थापित ''न्याय के साथ विकास'' की नीति को और सशक्त रूप से आगे बढ़ाते हुए अधूरे कार्यों को पूर्ण करेंगे तथा उनके मार्गदर्शन में संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित