देहरादून , मई 06 -- उत्तराखंड पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने देहरादून जनपद के एक व्यक्ति को बड़ा मुनाफा कमाने का लालच देकर 27 लाख रुपये ठगने वाले अभियुक्त को हरियाणा के सोनीपत से बहुत खोजबीन और साक्ष्य एकत्र कर गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बुधवार को बताया कि प्रेमनगर देहरादून निवासी एक नागरिक ने साइबर ठगी के सम्बन्ध में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायत की। शिकायतकर्ता ने बताया कि जुलाई 2025 में उसके व्हाट्सअप पर एक अज्ञात महिला (कथित माया शर्मा) ने फोन से सम्पर्क कर ऑनलाईन कार्य कर पैसे कमाने का लालच दिया। पहले उसने एक टेलीग्राम पेज डिजिट ट्रेड डाटा ऑपरेशन इन से जोडा और फिर डिजिट ट्रेड प्रा लि कम्पनी से यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करने के लिये कहा। झांसे में आकर पीड़ित ने अपने और अपनी मां के खाते से विभिन्न व्यक्तियों के खातों में कुल 27,38,500/- रुपये की राशि जमा करा दी।

उन्होंने बताया कि कुछ समय पश्चात शिकायतकर्ता को खुद के साथ साइबर ठगी होने का आभास हुआ, जिस पर उसने शिकायत दर्ज करायी। इस पर केस दर्ज कर मामले की पड़ताल की गई और सम्बन्धित बैंक खातों और फोन नम्बर का परीक्षण किया गया।

एसएसपी ने बताया कि साईबर टीम द्वारा अभियुक्त विनोद (39) पुत्र रामकुमार उर्फ रामकुवर निवासी हाउस नंबर 114, वार्ड नंबर 5, नियर न्यू गौशाला, सुंदर सवारी, सोनीपत, हरियाणा के रूप में पहचान की गई। जो अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी वर्क फ्रॉम होम ग्रुप बनाकर लोगों से निवेश के नाम पर साइबर धोखाधड़ी को अंजाम दे रहा था। अभियुक्त के खाते से उक्त धोखाधड़ी से सम्बन्धित आठ लाख रुपये चैक के माध्यम से निकासी की गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित