कानपुर , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में थाना रेलबाजार पुलिस ने वर्ष 2022 से धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के दो इनामी अभियुक्तों को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में संजय तिवारी उर्फ त्रिपाठी उर्फ पंडित और उसकी पत्नी शिवांगी तिवारी उर्फ संगीता शामिल हैं। पुलिस ने रविवार को बताया कि थाना रेलबाजार में धारा 420, 406 और 506 भादवि में दोनों अभियुक्त वर्ष 2022 से वांछित चल रहे थे। डीसीपी पूर्वी द्वारा 27 फरवरी को दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने दोनों को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
उन्होने बताया कि ठग दंपति लोगों को लाभदायक निवेश और व्यापार के नाम पर लालच देकर मोटी रकम ऐंठते थे। वे लोगों को दुकान खुलवाकर माल बिक्री के नाम पर कमीशन लेने का झांसा देते थे। कुछ समय बाद तय शर्तों के अनुसार माल देना बंद कर देते और संपर्क तोड़कर फरार हो जाते थे।
वर्तमान मामले में आरोप है कि दोनों ने वादी को विश्वास में लेकर धोखाधड़ी कर 2.50 लाख रुपये हड़प लिए थे। इसी संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने बताया कि इनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा अन्य राज्यों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
अभियुक्त संजय तिवारी के खिलाफ कानपुर नगर, कुशीनगर, गोंडा और उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में धोखाधड़ी, जालसाजी और एससी/एसटी एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शिवांगी तिवारी के खिलाफ भी कानपुर, गोंडा और अन्य स्थानों पर कई आपराधिक मामले पंजीकृत हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमान सिंह, उपनिरीक्षक संदीप शर्मा, कांस्टेबल रविन्द्र कुमार तथा महिला कांस्टेबल पूजा रानी शामिल रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित