लखनऊ , फरवरी 20 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य में निवेश का झूठा दावा कर रही है। अगर निवेश आता होता तो जमीन पर नौकरी रोजगार दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि आंकड़ों में भी कहीं नौकरी रोजगार नहीं दिखाई दे रहा है। जबकि आंकड़ें बता रहे है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था खराब है। महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा अपराध की घटनाएं यूपी में हो रही है। सबसे ज्यादा बेरोजगार उत्तर प्रदेश में है। सबसे ज्यादा साइबर अपराध यूपी में हो रहा है। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में भूमाफिया, कोडीन माफिया, नकल माफिया समेत कई तरह के माफिया पैदा किये है। भाजपा के नेता जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहे है। भाजपा जमीन माफियाओं को संरक्षण दे रही है।
फतेहपुर जिले में एक दिवसीय दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए श्री यादव ने कहा कि जब से पौराणिक परम्पराओं को माना जा रहा है, तबसे आज तक शंकराचार्य पर कोई आरोप नहीं लगा पाया और न किसी ने धार्मिक कार्यों से रोका। नकली सनातनियों ने प्रयागराज माघ मेले में पूज्य शंकराचार्य को अपमानित किया। गंगा जी में स्नान से रोका।
श्री यादव ने कहा कि जिनके पास अपना योगी होने का प्रमाण पत्र नहीं है वह पूज्य शंकराचार्य से प्रमाण पत्र मांग रहे है। विधानसभा में मुख्यमंत्री की जो भाषा रही सभी ने देखा। शंकराचार्य जी ने बता दिया कि इस तरह की भाषा कौन लोग बोलते है।
उन्होने कहा कि प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री शंकराचार्य को न्याय नहीं दिला रहे हैं। शंकराचार्य का सम्मान नहीं बचाया। दो उपमुख्यमंत्रियों को विधानसभा में मुख्यमंत्री से शंकराचार्य के अपमान पर सवाल पूछना चाहिए था।
श्री यादव ने किसानों, नौजवानों और प्रदेश की जनता से अपील की है कि भाजपा को हटाओ, नहीं तो यह सरकार गेहूं, चावल, दाल, दूध सब कुछ अमेरिका से ले आयेगी। यहां का किसान बर्बाद हो जाएगा। भाजपा सरकार ने बिजली मंहगी कर दी। खुद एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ाया। बिजली के मीटरों में बड़े पैमाने पर घपलेबाजी है। मीटर तेज चलता है, बिल ज्यादा आता है।
उन्होने कहा कि भाजपा जेन जी से घबराई हुई है। नेपाल, बांग्लादेश और अन्य देशों में नौजवानों ने अपने सवालों को लेकर जिस तरह से आवाज उठायी, उससे भाजपा घबराई है। भाजपा जनता को परेशान करने के लिए उलझाए रखना चाहती है। जनता के मुद्दे न उठे उसके लिए हर तरह का प्रयास करती है। उसी कड़ी में एसआईआर लाया गया है। एसआईआर से वोट नहीं जोड़ा जा रहा है, वोट काटा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित