फिरोजाबाद , फरवरी 9 -- फिरोजाबाद जिले के जसराना क्षेत्र में नगर पंचायत के एक निलंबित कर्मचारी का शव सोमवार सुबह पुरानी पानी की टंकी की कोठरी में फंदे से लटका मिला। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शीशपुर स्थित पानी की टंकी की कोठरी में 35 वर्षीय अनूप कुमार का शव लटका मिला। सूचना पर परिजन और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतारकर जिला अस्पताल भेजा गया।

बताया गया है कि अनूप कुमार न्याय पंचायत में कर्मचारी थे। एक आपराधिक अपहरण के मामले में नामजद होने के कारण उन्हें निलंबित कर दिया गया था। प्रारंभिक तौर पर मानसिक दबाव के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित