जयपुर , मई 01 -- राजस्थान में जयपुर के बस्सी स्थित निर्वाण विश्वविद्यालय में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के उपलक्ष्य में केन्द्रीय आयुष मंत्रालय एवं मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के देशव्यापी काउंटडाउन अभियान के तहत योग महोत्सव का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर योगाचार्य ढाकाराम के मुख्य आतिथ्य में सैकड़ों विद्यार्थियों, योगाचार्य और आमजन ने योगाभ्यास किया और स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया। योगाचार्यो ने योग कराया और इस दौरान योग के प्रति जागरुक भी किया। इस दौरान योगाचार्यो ने योग के महत्व के बारे में बताया कि किस तरह सुबह और इसके अलावा योग करना स्वास्थ्य के लिए जरुरी है।
विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. एस एल सिहाग ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कुलगुरु प्रोफेसर एस एल गोदारा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य विरासत है जो स्वस्थ शरीर, शांत मन और सशक्त जीवन का आधार है। उन्होंने सभी से नियमित योग को अपनाने का आह्वान किया।
योगाभ्यास के बाद प्रोफसर गोदारा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विश्वविद्यालय योग महोत्सव का पर्व मनाया गया जो केन्द्रीय आयुष मंत्रालय एवं मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा प्रायोजित था। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले आयोजित होने कार्यक्रमों के तहत योग के लिए निर्वाण विश्वविद्यालय को चुनने के लिए केन्द्रीय आयुष मंत्रालय एवं मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर जयपुर के योगाचार्यों, योग संस्थानों एवं विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गये पांच गांवों की स्कूलों के छात्रों सहित एक हजार से अधिक लोगों ने इस योगाभ्यास में भाग लिया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अंतराष्ट्रीय योग दिवस का 51वां काउंटडाउन दिन चुना गया और आगामी 21 जून तक विश्विविद्यालय में सुबह लगातार योगाभ्यास कराया जायेगा।
इस अवसर पर उपकुलगुरु प्रो. भावना देथा ने योग महोत्सव जैसे कार्यक्रमों के आयोजन पर प्रशंसा जताई। कुलसचिव डॉ. सी.एम. राजोरिया ने बताया कि कार्यक्रम में बस्सी उपखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। साथ ही योगाचार्य, जनप्रतिनिधि एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद थे। विश्वविद्यालय के विशेषाधिकारी डॉ संजय खन्ना ने बताया कि सुबह सात से पौने आठ बजे तक आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और योगाचार्यों के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए, जिससे प्रतिभागियों में ऊर्जा एवं सकारात्मकता का संचार हुआ।
कार्यक्रम में नेचुरोपैथी योगिक साइंस स्कूल के निदेशक प्रोफेसर धर्म सिंह मीणा, प्रज्ञा योग एलायंस के डॉ. कपिल केसरी, आयुर्वेद विभाग से सेवानिवृत अतिरिक्त निदेशक डॉ प्रकाश शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लेकिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित