पटना , जनवरी 27 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि जिन नगर निकायों का परिसीमन हो चुका है और वहाँ की समिति का कार्यकाल बचा हुआ है, उसे भंग करके नया चुनाव नहीं कराया जाएगा।
मंत्री श्री सिहा ने कहा कि ऐसा करना निर्वाचित जनप्रतिनिधियों/पार्षदों के साथ अन्याय होगा।
उल्लेखनीय है कि कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के नेतृत्व में पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि हाल में दानापुर निजामत, नगर परिषद् क्षेत्र में फरीदनपुर, मैनपुरा, जमसौत, ढिबरा, कोथवाँ, मुस्तफापुर, बबक्करपुर, आशोपुर और नसीरपुर गाँवों को शामिल कर इसका क्षेत्र विस्तार किया गया था। परिसीमन के बाद विभाग की तरफ से इसे अक्टूबर महीने में अधिसूचित कर दिया गया। अब नियमानुसार राज्य निर्वाचन विभाग को नये सिरे से वार्ड का परिसीमन एवं वार्ड का गठन करने के बाद चुनाव कराना है। लेकिन प्रतिनिधिमंडल की माँग थी कि चूँकि अभी निर्वाचित सदस्यों का लगभग डेढ़ वर्ष का कार्यकाल बचा हुआ है, ऐसे में चुनाव कराया जाना उचित नहीं है।
उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह पूरा प्रयास करेंगे कि किसी भी निर्वाचित जन प्रतिनिधि के साथ अन्याय नहीं हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित