मुरैना , फरवरी 09 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र में ग्राम अहरौली स्थित प्राचीन चामुंडा माता मंदिर में आज सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक पटिया और गुंबद टूट जाने से उसके नीचे दबकर तीन बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग्राम अहरौली में वर्षों पुराने चामुंडा माता मंदिर पर पिछले कुछ दिनों से गुंबद निर्माण का कार्य चल रहा था। आज दोपहर मुंगावली से सतीश पुत्र केशव गौड़ अपनी पत्नी पृथ्वी के साथ मंदिर में प्रसाद चढ़ाने पहुंचे थे। सतीश जैसे ही मंदिर के भीतर गए, तभी अचानक पटिया और गुंबद भरभराकर गिर पड़े। मलबे की चपेट में सतीश और उनकी पत्नी भी आ गए, वहीं मंदिर परिसर में खेल रही तीन बच्चियां पटिया और गुंबद के मलबे में दब गईं।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान दीप्ति पुत्री जीतू सिकरवार (11), छाया पुत्री अशोक गोस्वामी (7) और करिश्मा पुत्री अशोक गोस्वामी (9) की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं गुंजन (12), परी (8), विद्या गोस्वामी (6), सतीश गौड़ (45) और पृथ्वी गौड़ (40) गंभीर रूप से घायल मिले। घायलों को तत्काल उपचार के लिए कैलारस के शासकीय अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही जौरा एसडीएम शुभम शर्मा, नायब तहसीलदार श्याम सुंदर सिंह, राजस्व निरीक्षक सत्येंद्र पांडे और पटवारी खुशबू दंडोतिया मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

ग्रामीणों के अनुसार, यह मंदिर अत्यंत प्राचीन है और मान्यता है कि विवाह के बाद नवविवाहित जोड़े यहां माता रानी का आशीर्वाद लेने आते हैं। करीब सात वर्ष पूर्व मंदिर में निर्माण कार्य हुआ था, तब नई पटिया लगाई गई थी। हाल के दिनों में उसी पर गुंबद का निर्माण चल रहा था, जो आज अचानक टूट गया और यह बड़ा हादसा हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित