सागर , फरवरी 02 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में दो सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कल राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-44 सागर-नरसिंहपुर मार्ग पर बम्होरी बीका के नजदीक निर्माणाधीन ब्रिज के आगे दो दुर्घटनाओ में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं। पहली घटना दो कंटेनरों की आमने सामने भिड़ंत और दूसरी तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर यात्री बस की बताई गई है।
सिविल लाइन थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कल दोपहर एक निजी ट्रेवल्स की सागर से नरसिंहपुर की ओर जा रही बस को चितौरा की ओर से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी, जिसमें बस में सवार गंभीर रुप से तीन घायलों को उपचार के लिए सागर भेजा गया। घायलों में से 22 वर्षीय युवती आरती ठाकुर की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने कंटेनर चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में ले लिया है।
वहीं कल देर रात ब्रिज के ऊपर दो कंटेनरों की भिड़ंत में उत्तरप्रदेश के ललितपुर निवासी जीवन यादव की मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित