पटना, मार्च 13 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सभी जिलों के बंदोबस्त पदाधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सर्वेक्षण कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया है।

श्री सिन्हा ने आज भू अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय में राज्य में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी जिलों के बंदोबस्त पदाधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सर्वेक्षण कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया।

उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि सर्वेक्षण कार्य में अब तक हुई देरी की समस्या को चिन्हित कर उसे दूर करना होगा। उन्होंने कहा कि अब माइक्रो मॉनिटरिंग कर कार्य की नियमित समीक्षा की जाएगी, जिससे तय लक्ष्य के अनुसार सर्वेक्षण कार्य पूरा किया जा सके। इसके लिए सभी स्तर के सर्वे कर्मियों से प्रतिदिन शाम को उनके कार्य की रिपोर्ट मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही अमीन डायरी प्रतिदिन भरने को अनिवार्य किया गया है।उन्होंने कहा कि यदि शीर्ष स्तर पर व्यवस्था सुदृढ़ होगी तो निचले स्तर पर भी कार्य स्वतः बेहतर होगा। सभी अधिकारियों और कर्मियों को इस कार्य को चुनौती के रूप में लेते हुए काम करने की आवश्यकता है। सरकार की जिम्मेदारी है कि सर्वे कर्मियों को सभी आवश्यक सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित