सीहोर , मार्च 06 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में आज सुबह एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते अपने ही भतीजे और भतीजी की पीट-पीट कर हत्या कर दी, जिसके बाद गांव में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया।
सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुरी में घटना उस समय हुई जब दोनों भाई-बहन परीक्षा देने घर से निकले थे। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार मृतक बच्चों के पिता जगदीश मालवीय और अन्य परिजनों ने आरोपी हरिसिंह मालवीय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि यह अचानक हुआ हमला नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी। परिजनों के अनुसार आरोपी ताऊ हरिसिंह को पता था कि शीतल (20) और कुलदीप (18) आज परीक्षा देने जाने वाले हैं। आरोप है कि वह सुबह से ही रास्ते में लठ लेकर घात लगाकर बैठा था। जैसे ही दोनों भाई-बहन घर से कुछ दूर पहुंचे, आरोपी ने उन पर हमला बोल दिया। परिजनों का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने जानबूझकर बच्चों को निशाना बनाया।
इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पाते आरोपी ने उन पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही एसडीओपी दामोदर गुप्ता और सिद्दीकगंज थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित