हल्द्वानी , दिसंबर 22 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी नगर निगम में सोमवार को गौ सेवकों ने निराश्रित गोवंश की दुर्दशा को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान गौ सेवकों ने नगर निगम को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौ सेवकों का कहना है कि हल्द्वानी शहर में आए दिन निराश्रित गोवंश सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, जिनमें कई गोवंशों की मौत हो जाती है तो कई गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं लेकिन ऐसी घटनाओं के बाद नगर निगम की ओर से न तो घायल गोवंश को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की जाती है और न ही मृत्यु होने पर उनके अंतिम संस्कार के लिए कोई ठोस व्यवस्था है।
गौ सेवकों ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा जेसीबी जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जातीं, जिससे मृत गोवंश के अंतिम संस्कार में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही, गोवंश की मृत्यु के बाद उन्हें दफनाने के लिए मिट्टी उपलब्ध कराने हेतु नगर निगम के पास कोई निर्धारित स्थान भी नहीं है।
गौ सेवकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने नगर निगम से निराश्रित गोवंश के संरक्षण, उपचार और अंतिम संस्कार के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित