भदोही , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अधेड़ सफाईकर्मी अभ्यर्थी नियुक्ति की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के पूरेदयाल निवासी पंचम कन्नौजिया (58) सफाईकर्मी पद का अभ्यर्थी है। लगभग दो दशक पूर्व प्रदेश में सफाईकर्मियों की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गए थे, जिसमें पंचम ने भी आवेदन किया था। प्रदेश के अन्य जिलों में नियुक्तियां हो गईं, लेकिन भदोही में मामला प्रशासनिक कारणों से लंबित बताया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक पंचम लंबे समय से नियुक्ति की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट के चक्कर लगा रहा था। संतोषजनक जवाब न मिलने से क्षुब्ध होकर वह शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की चेतावनी देने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल और अग्निशमन कर्मियों को तैनात किया गया। करीब तीन घंटे तक चले समझाने-बुझाने के प्रयास के बाद अधिकारियों ने उसे सकुशल नीचे उतार लिया। प्रशासन ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की बात कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित