अलवर , मई 01 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ क्षेत्र में गत दिनों एक कबाड़ गोदाम में लगी आग में चार लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने अवैध और असुरक्षित तरीके से संचालित हो रहे कबाड़ गोदामों के खिलाफ शुक्रवार को सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस, नगर परिषद, राजस्व विभाग और अग्निशमन विभाग के संयुक्त दल ने एक साथ शहर और राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास के इलाकों में छापेमारी की। इस सघन अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले रौ कबाड़ गोदामों को सीज कर दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों के नेतृत्व में जब भारी पुलिस जाब्ते के साथ नगर परिषद और अग्निशमन विभाग के दल मौके पर पहुँचे, तो अवैध कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई की भनक लगते ही कई कबाड़ कारोबारी गोदामों में ताला लगाकर मौके से फरार हो गए। दल को कई स्थानों पर गोदाम बंद मिले, जिन्हें नियमों के उल्लंघन का दोषी मानते हुए मौके पर ही सील कर दिया गया।
जांच में सामने आया कि ये गोदाम न केवल अवैध रूप से चल रहे थे, बल्कि यहाँ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी नहीं थे। अधिकारियों ने बताया कि गोदामों में अग्निशमन यंत्रों का अभाव था। ज्वलनशील पदार्थों और कबाड़ के बीच कोई सुरक्षित दूरी नहीं रखी गई थी। घनी आबादी और राजमार्ग के पास स्थित होने के कारण यहाँ कभी भी भीषण आग लगने जैसा बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रशासन ने चेतावनी दी कि बिना वैध अनुमति और अग्निशमन एनओसी के संचालित हो रहे गोदामों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई केवल शुरुआत है, शहर में अवैध गतिविधियों और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमित जांच अभियान जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित