खरगोन , नवंबर 25 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर के ऐतिहासिक अहिल्या घाट पर आयोजित तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव का सोमवार देर रात को मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य समापन हुआ।

उत्सव के दौरान निमाड़ी संस्कृति, कला, लोकनृत्य, खेल प्रतियोगिताओं, नौका सज्जा, काव्यपाठ और लाइट एंड साउंड शो ने दर्शकों को अपार सांस्कृतिक आनंद प्रदान किया।

उत्सव का उद्घाटन शनिवार को मां नर्मदा की महाआरती के साथ हुआ था। इसी दौरान 632.74 लाख रु. की लागत से तैयार अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो का सांसद गजेंद्र पटेल ने लोकार्पण किया, जिसमें लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जीवनगाथा का भव्य चित्रांकन दर्शाया गया। सुप्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा की प्रस्तुति ने पूरे घाट को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल ने कहा कि महेश्वर की लोगों की डिमांड पर बहु प्रतीक्षित लाइट एंड साउंड शो आरंभ किया गया है, और इसका आनन्द उठाने बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि महेश्वर में पूरे देश के पर्यटक पहुंचते हैं तो लाइट एंड साउंड शो उनके लिए एक और अट्रैक्शन साबित होगा. उन्होंने बताया कि इसमें न केवल महेश्वर और निर्माण बल्कि मध्यप्रदेश के इतिहास को प्रदर्शित करने के अलावा मां अहिल्या के सिद्धांतों और उनके जीवन गाथा का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

दूसरे दिन उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में जिला स्तरीय कबड्डी, ब्लॉक स्तरीय कुश्ती और किला परिसर में मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित हुई। उसी रात्रि राजस्थान के भुट्टे खां और साथियों द्वारा पारंपरिक राजस्थानी लोक और सूफी गीत मांगणियार गायन का आयोजन हुआ। इसके अलावा पुरी (उड़ीसा) के चन्द्रमणि प्रधान और साथियों द्वारा गोटीपुआ नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इसके बाद वडोदरा के विजय भाई राठवा और साथियों ने राठ नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया।

इसके बाद पदम् श्री जगदीश जोशीला की अध्यक्षता में निमाड़ी कवियों का काव्यपाठ भी हुआ, जिसे खूब सराहा गया।

तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव के अंतिम दिन सोमवार रात्रि निमाड़ी कलाकारों द्वारा काठी, गणगौर और कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। खंडवा के राम दास साकल्ले और समूह ने काठी नृत्य और अनुजा जोशी और समूह ने गणगौर नृत्य की प्रस्तुति दी। खरगोन की विख्यात नृत्यांगना गौरी देशमुख और साथियों द्वारा कथक नृत्य की प्रस्तुति दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित