नयी दिल्ली , जनवरी 19 -- केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय 28 जनवरी को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के वंदे मातरम् कोस्टल साइक्लोथॉन-2026 को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
बल के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर आयोजित किये जाने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य तटीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना और सामुदायिक सहभागिता प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि साइक्लोथॉन की सफलता को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2026 का संस्करण नए संकल्प और मजबूत राष्ट्रीय जुड़ाव के साथ इस ऐतिहासिक अभियान को आगे ले जायेगा। उन्होंने कहा कि गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय यहां मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से साइक्लोथॉन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
भारत की विस्तृत तटरेखा पर 250 से अधिक बंदरगाह स्थित हैं, जिनमें 72 एक्सिम (निर्यात-आयात) बंदरगाह शामिल हैं, जो देश के लगभग 95 प्रतिशत व्यापार का संचालन करते हैं। इन बंदरगाहों के साथ-साथ तटवर्ती क्षेत्रों में स्थित रिफाइनरी, शिपयार्ड और परमाणु ऊर्जा संयंत्र भारत की आर्थिक प्रगति और ऊर्जा सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। हालांकि, इन क्षेत्रों को मादक पदार्थों, हथियारों, विस्फोटकों की तस्करी, घुसपैठ और अन्य अवैध गतिविधियों जैसे निरंतर खतरों का सामना करना पड़ता है। पिछले पाँच दशकों से अधिक समय से सीआईएसएफ को 12 प्रमुख बंदरगाहों और तटों पर स्थित अन्य महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस कार्यक्रम का आयोजन "सुरक्षित तट, समृद्ध भारत" थीम के अंतर्गत किया जा रहा है। यह साइक्लोथॉन 25 दिनों की 6,553 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा है, जो भारत की संपूर्ण मुख्यभूमि तटरेखा को कवर करेगी। यह देश में अब तक आयोजित सबसे व्यापक तटीय साइकिल अभियानों में से एक है। इसके तहत सीआईएसएफ के दो साइकिलिंग दल एक साथ अपनी यात्रा प्रारंभ करेंगे। इनमें पश्चिमी तट पर लखपत किला, कच्छ, गुजरात सेपूर्वी तट: बक्खाली, दक्षिण 24 परगना, पश्चिम बंगाल से और दूसरा देश के तटीय मार्गों से गुजरते हुए दोनों दल 22 फरवरी 2026 को कोच्चि, केरल में एकत्रित होंगे। इसके मार्ग में सूरत, मुंबई, गोवा, मंगलुरु , हल्दिया, कोणार्क, पारादीप, विशाखापत्तनम, चेन्नई, पुडुचेरी और कन्याकुमारी जैसे शहर आयेंगे।
इस साइक्लोथॉन में 130 सीआईएसएफ कर्मी भाग लेंगे, जिनमें 65 महिला कर्मी शामिल हैं। यह अभियान समावेशिता, दृढ़ता और परिचालन क्षमता को दर्शाता है। सभी प्रतिभागियों ने एक माह से अधिक का कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित