अलवर , जनवरी 20 -- नितिन नवीन के भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर मंगलवार को राजस्थान के अलवर में भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त करते हुए आतिशबाजी की और मिठाई वितरण किया।
भाजपा के कार्यकर्ता नगली सर्किल पर एकत्रित हुए और उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर आतिशबाजी की और उन्हें शुभकामनाएं दी।
श्री गुप्ता ने पत्रकारों से कहा कि पार्टी को नया नेतृत्व मिला है। युवा नेतृत्व मिला है। अनुशासित कार्यकर्ता के रूप में एक अच्छा कार्यकर्ता मिला है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नवीन बिहार में मंत्री रहे हैं। कई बार विधायक रहे हैं। युवा मोर्चा में राष्ट्रीय पदों पर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो अनुशासित है और अपने कार्यकर्ता का सम्मान करती है। यह कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। यहां साधारण कार्यकर्ता को भी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद मिल जाता है। अन्य पार्टियों में ऐसा नहीं है। इस पार्टी का कार्यकर्ता ही अध्यक्ष बनता है।
श्री गुप्ता ने कहा कि नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद युवा नेतृत्व को मजबूती मिलेगी। वैसे भी पार्टी में युवाओं को प्राथमिकता दी जाती है लेकिन अब राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से युवा नेतृत्व और भी ज्यादा मजबूत होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित