नयी दिल्ली , अप्रैल 11 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की 200 वीं जयंती पर उन्हें नमन किया और कहा कि महात्मा फुले ने शिक्षा एवं सामाजिक समानता और महिला सशक्तिकरण के माध्यम से समाज में नवचेतना का संचार किया और वंचितों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
श्री नवीन ने शनिवार को भाजपा मुख्यालय में महात्मा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण और उन्हें नमन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, "हमने महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। समाज सुधार में उनके योगदान-सती प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ लड़ाई से लेकर महिलाओं और बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने तक-को आज भी याद किया जाता है। बालिकाओं के लिए पहला स्कूल शुरू करने से लेकर सामाजिक बुराइयों को खत्म करने की दिशा में काम करने तक, उनके प्रयास आज भी प्रासंगिक हैं।"उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' जैसी पहल, 'लखपति दीदी' जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाना और शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना ये सभी उनके ( महात्मा फुले ) आदर्शों को दर्शाते हैं। 'नारी वंदन अधिनियम' के तहत महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किए जाने के साथ, हमारा मानना है कि यह महात्मा फुले के उस दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसमें महिलाओं को गरिमा, सम्मान और सुरक्षा के साथ सशक्त बनाने की बात कही गई थी।"इससे पहले भाजपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।"महात्मा फुले ने शिक्षा, सामाजिक समानता एवं महिला सशक्तिकरण के माध्यम से समाज में नवचेतना का संचार किया और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचार समरस एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में आज भी पथप्रदर्शक हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित