पटना , जनवरी 20 -- बिहार और पटना के सपूत नितिन नबीन के भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद मंगलवार को पार्टी के बिहार कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने खूब जश्न मनाया।

‎नितिन नबीन के भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालते ही बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में माहौल जश्न में बदल गया। इस जश्न में प्रदेश कार्यालय में मिठाइयाँ बांटी गईं और कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। ऐसा लग रहा था कि होली और दिवाली एक ही दिन एक दूसरे से गले मिल रहे हैं।

‎ ‎पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आज सुबह से ही बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटने लगे थे और जैसे ही नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने की औपचारिक घोषणा की गई, पार्टी कार्यालय में जश्न का दौर शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने इसे गर्व का पल बताते हुए एक-दूसरे को अबीर और गुलाल लगाकर होली भी मनाई और आतिशबाजी ने दिवाली की यादें ताजा कर दी।

‎ ‎बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं में इस दौरान जोश चरम पर रहा। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कार्यकर्ता झूमते नजर आए। इस क्रम में कार्यकर्ताओं ने भाजपा का झंडा और तिरंगा लहराकर अपना जोश और उत्साह का प्रदर्शन किया।

‎ ‎नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर पदभार एवं अभिनंदन कार्यक्रम के उपलक्ष्य में पटना में तीन स्थानों पर बड़े डिजिटल बोर्ड पर कार्यक्रम को प्रसारित किया गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय में बड़े स्क्रीन पर भी लोगों ने इस कार्यक्रम को देखने की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री नबीन की युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महा सचिव के रूप में और छतीसगढ़ एवं सिक्किम के प्रभारी के रूप में कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि संगठन में श्री नबीन अब उनके भी बॉस है। श्री मोदी की इस बात को सुन कर झूम उठे और माहौल तालियों की गूंज से भर गया।

‎ ‎इस जश्न में पार्टी के पूर्व विधायक अरुण कुमार सिन्हा, अरविंद कुमार सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज रंजन पटेल, मुख्यालय सह प्रभारी दिलीप मिश्रा सहित प्रदेश के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित