औरंगाबाद , जनवरी 20 -- ारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनके ननिहाल औरंगाबाद में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। श्री नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की सूचना जैसे हीं लोगों को मिली, शहर के मुख्य चौराहों पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली खेली और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया।

इस जश्न में नितिन नबीन के मामा और वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार संतोष भी शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित लोगों के साथ खुशियां साझा की और नितिन नबीन के नेतृत्व को लेकर भरोसा जताया।

उल्लेखनीय है कि नितिन नबीन का ननिहाल औरंगाबाद जिले में है। उनके मामा और मामी औरंगाबाद जिला मुख्यालय में ही निवास करते हैं। नितिन नबीन का औरंगाबाद से पारिवारिक और भावनात्मक जुड़ाव रहा है और वे समय-समय पर अपने ननिहाल आते रहे हैं। श्री नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर औरंगाबादवासियों ने इसे जिले के लिए गर्व का विषय बताया। लोगों का कहना है कि नितिन नबीन ऐसे नेता हैं जो जनता और कार्यकर्ताओं की बात को गंभीरता से सुनते हैं और समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में काम करते हैं। उन्हें बिहार ही नहीं, बल्कि देश की जमीनी हकीकत की गहरी समझ है, जो उन्हें अन्य नेताओं से अलग बनाती है।

कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने कहा कि नितिन नबीन का संगठनात्मक अनुभव, संवाद कौशल और निर्णय लेने की क्षमता उन्हें भारतीय जनता पार्टी जैसे बड़े संगठन के नेतृत्व के लिए पूरी तरह सक्षम बनाती है। वे कार्यकर्ताओं के बीच सहज रहने वाले और संगठन को एकजुट रखने की क्षमता रखने वाले नेता माने जाते हैं। कठिन परिस्थितियों में भी संतुलित निर्णय लेना और सभी वर्गों को साथ लेकर चलना उनकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है।

औरंगाबाद में जश्न मना रहे लोगों ने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगी। उनका कार्यकाल पार्टी के लिए नए मानक स्थापित करेगा और आने वाले समय में यह नेतृत्व कार्यकर्ताओं और आम जनता दोनों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में श्री नबीन का कार्यकाल यादगार रहेगा और वह संगठन को नई दिशा देने में सफल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित