पटना , जनवरी 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के साथ नई उंचाइयों को छुएगी।
श्री सिन्हा ने नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर शुभकामनाएँ दी है। उन्होंने बयान जारी कर आज कहा कि नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना तीन अत्यंत महत्वपूर्ण तथ्यों को रेखांकित करता है। पहला, यह बिहार के बदलते स्वरूप और उसकी बढ़ती नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जिस बिहार को कभी पिछड़ेपन की संज्ञा दी गई थी, आज वही बिहार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी नेतृत्व में देश की अगुवाई करने के लिए उभर कर सामने आया है। यह समस्त बिहारवासियों के लिए गर्व का विषय है।
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे समय में जब विश्वभर में युवा पीढ़ी और जेन-जेड को लेकर कई तरह की भ्रांतियाँ हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 21वीं सदी के भारत का नेतृत्व एक 45 वर्षीय युवा के हाथों सौंपकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि भारतीय जनता पार्टी को देश के युवाओं की क्षमता, प्रतिभा और दूरदृष्टि पर पूर्ण विश्वास है।
तीसरा, उन्होंने इसे भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक शक्ति और कार्यपद्धति की सशक्त मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है जो कार्यकर्ताओं को गढ़ता है, उन्हें संस्कार, विचारधारा और संगठनात्मक प्रशिक्षण देकर नेतृत्व के लिए तैयार करता है। नितिन नबीन जी इसका उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जिन्होंने कम आयु से ही संगठन में कार्य करते हुए आज इस महत्वपूर्ण दायित्व तक का सफर तय किया है।
श्री सिन्हा ने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगी तथा प्रधानमंत्री श्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में नई उंचाइयों को छुएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित