पटना , फरवरी 09 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश में स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाई और अब नितिन नबीन के नेतृत्व में उन राज्यों में भी कमल खिलेगा, जहां अभी तक भाजपा की सरकार नहीं बनी है।

श्री चौधरी ने आज यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नबीन के अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि यह बिहार के लिए गर्व का विषय है कि राज्य का एक नेता दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है। इससे सभी बिहार वासियों का सीना 56 इंच का हो गया है। उन्होंने कहा कि श्री नबीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। यह केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे बिहार को सम्मान है।

उपमुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि श्री नबीन के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल, केरल, तेलंगाना और तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी भाजपा की सरकार बनेगी।

श्री चौधरी ने भाजपा के वैचारिक सफर को याद करते हुए कहा कि जिस बीज का रोपण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने किया, जिसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने सींचा और स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र जैसे नेताओं ने आगे बढ़ाया, वही बीज आज अंकुरित होकर एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज संगठन, विचार और जनाधार के स्तर पर दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है।

उपमुख्यमंत्री कहा कि बिहार की जनता ने विधानसभा चुनाव में 200 से अधिक सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को जीत दिलाकर प्रचंड जनादेश दिया है। बिहार की जनता के इसी स्नेह और आशीर्वाद का सम्मान करते हुए पार्टी ने बिहार के लाल श्री नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।

श्री चौधरी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि एक-एक बूथ को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने भाजपा और राजग पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि पहले राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के नेतृत्व में देश में मजबूत सरकार बनी और अब नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी का विस्तार नए राज्यों में करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित