मुरैना , फरवरी 22 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक निजी यात्री बस द्वारा सड़क किनारे खड़े ऑटो को टक्कर मारने से उसमें सवार आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए कैलारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा रतनपुर गांव के समीप कूट रावली पुलिया के पास उस समय हुआ, जब सवारियों से भरा एक ऑटो सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान मुरैना की ओर से आ रही एक निजी यात्री बस ने पीछे से ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो सड़क से नीचे खेत में जाकर पलट गया।

दुर्घटना में ऑटो में सवार लगभग आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल कैलारस के अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर बताए गए हैं। पुलिस ने बस को जब्त कर प्रकरण की जांच प्रारंभ कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित