शहडोल , दिसम्बर 7 -- मध्यप्रदेश में शहडोल शहर के एक निजी अस्पताल में शनिवार शाम हुए सनसनीखेज घटना में प्राइवेट वार्ड में भर्ती मरीज पर उसके पति ने चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, मरीज मनोरमा उपाध्याय वार्ड के प्राइवेट कक्ष में उपचाररत थीं। शाम करीब 7 बजे उनके पति सूर्य प्रकाश पाण्डेय अचानक कमरे में दाखिल हुए। बताया जाता है कि पाण्डेय ने अंदर पहुंचते ही कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। जैसे ही मनोरमा ने शोर मचाते हुए मदद के लिए पुकारा, आसपास मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने दरवाजा पीटना शुरू कर दिया।

दरवाजा तोड़ने के प्रयासों से घबराए आरोपी पाण्डेय ने कथित तौर पर पत्नी पर चाकू से 4 से 5 वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे सुरक्षा गार्ड ने बलपूर्वक दरवाजा तोड़ा और आरोपी को काबू किया।

अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। शहडोल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी सूर्य प्रकाश पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसे रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। घायल मनोरमा उपाध्याय का अस्पताल में इलाज जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित