मुंबई , जनवरी 08 -- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा है कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नगर निकायों पर नियंत्रण कर लेती है तो महाराष्ट्र में 'मराठी मानुष' शक्तिहीन हो जाएगा।
गौरतलब है कि श्री राज और शिवसेना (यूटीबी ) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के संयुक्त साक्षात्कार का पहला हिस्सा शिवसेना के मुख्य पत्र सामना में गुरुवार को छपा है, जिसमें एमएनएस प्रमुख ने आरोप लगाया है कि जो लोग मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करना चाहते हैं, वे केंद्र और राज्य में सत्ता में हैं और इससे मराठी बोलने वाले लोगों के हितों को नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा, "आज हम दोनों (राज और उद्धव) अपने अस्तित्व के लिए नहीं, बल्कि 'मराठी मानुष' के लिए एक साथ आए हैं।"श्री राज ने कहा कि राज्य के बाहर से आने वाले लोग सिर्फ़ रोज़ी-रोटी के लिए नहीं आ रहे हैं, बल्कि वे अपनी खुद का क्षेत्र बना रहे हैं। उन्होंने कहा, "यह एक पुराना ज़ख्म है... मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने के सपने को पूरा करने की कोशिशें जारी हैं।"उन्होंने कहा कि आज का माहौल वैसा ही है जैसा संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के समय था, जब गुजरात चाहता था कि मुंबई उसका हिस्सा बने। ठाकरे भाइयों का साक्षात्कार शिवसेना (यूटीबी ) के राज्यसभा सांसद एवं सामना के कार्यकारी संपादक संजय राउत और जाने-माने फिल्म निर्देशक महेश मांजरेकर ने लिया। श्री राज और श्री उद्धव ने वृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों के लिए गठबंधन किया है, जिसमें किफायती घर, सस्ते बस किराए और महिला कर्मचारियों के लिए मासिक भत्ते जैसे मुद्दों पर ध्यान दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित