रांची , फरवरी 09 -- झारखंड में निकाय चुनाव की घोषणा के बाद आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद सरकार के इशारे पर अख़बारों में 'मइयाँ योजना' से संबंधित खबरें प्रकाशित कराए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य निर्वाचन आयोग पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

यह प्रतिनिधिमंडल भाजपा नेता सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोग के समक्ष उपस्थित हुआ और इस मामले में कार्रवाई की मांग की।

श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य में निकाय चुनाव की घोषणा हो चुकी है और घोषणा की तारीख से ही आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी है. परंतु सरकार यह मानने को तैयार नहीं है कि आचार संहिता प्रभावी है। इसी का परिणाम है कि आचार संहिता के दौरान सरकार के इशारे पर यह खबर छपवायी गयी।

श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार इस चुनाव को मइयाँ योजना से जोड़कर मइयाँ को प्रलोभन देकर चुनाव को प्रभावित करना चाहती है। प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से माँग किया है की इस ख़बर के पीछे कौन अधिकारी या पदाधिकारी हैं या किस अधिकारी ने यह छपवाया है उसके ख़िलाफ़ कारवाई हो। सरकार ने दलीय स्तर पर यह चुनाव नहीं कराया जबकि भाजपा बार बार मांग करती रही। ज्ञापन देने के बाद आयोग ने जांच का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में अशोक बड़ाईक, सीमा सिंह शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित