देहरादून , अप्रैल 01 -- उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विभिन्न मांग पूरी करने पर अभिनंदन किया और उनका आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री आवास में मोर्चा की ओर से आयोजित आभार रैली में श्री धामी ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और नगर निकाय कर्मचारियों की जिम्मेदारी विशेष रूप से अहम है। उन्होंने कहा कि निकाय कर्मियों के अथक प्रयासों से ही शहरों और कस्बों में स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों द्वारा निभाई गई जिम्मेदारी और सेवा भाव को सराहते हुए इसे मानवता की उत्कृष्ट मिसाल बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नगर निकाय कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिनमें पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर 500 रुपए प्रतिदिन करना, चारधाम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त मानदेय प्रदान करना, वर्दी एवं स्नोबूट के लिए 2500 रुपए की सहायता, स्वास्थ्य एवं कल्याण योजनाओं के लिए वित्तीय प्रावधान, पांच लाख रूपए का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस लागू करना, ईपीएफ एवं ईएसआई लाभ सुनिश्चित करने हेतु निर्देश जारी करना, संविदा कर्मचारियों का वेतन 7,500 से बढ़ाकर 15,000 रुपए करने के साथ ही कई और निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और चरणबद्ध तरीके से सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।

श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा 'स्वच्छ भारत मिशन', 'अमृत योजना', 'स्मार्ट सिटी मिशन' एवं 'प्रधानमंत्री आवास योजना' जैसी योजनाओं के माध्यम से देश में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को 'स्वच्छता मित्र' के रूप में सम्मानित करते हुए उनके सुरक्षा और कल्याण हेतु 'नमस्ते योजना' तथा 'आयुष्मान भारत योजना' जैसी पहलें संचालित की जा रही हैं।

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के मुख्य संयोजक सुरेन्द्र तेश्वर, सह संयोजक संतोष गौरव, नरेश वेद एवं अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित