नासिक , फरवरी 11 -- महाराष्ट्र में नासिक के साइबर पुलिस स्टेशन में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 73 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय पीसे के नेतृत्व में जांच की जा रही है। शेयर बाजार में वित्तीय निवेश पर आयोजित एक ऑनलाइन सेमिनार के दौरान एक संदिग्ध दंपति और उनके साथी से 73 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।

उन्होंने बताया कि इस मामले में ज्यादा लाभ के नाम पर कई लोगों के साथ धोखाधड़ी की गई। नासिक साइबर पुलिस स्टेशन में एक आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला, रजिस्टर संख्या 13/2026 भारतीय दंड संहिता की धारा 318 (4), 316 (2) 316 (5), 1999 अधिनियम की धारा 3, 4, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66 (डी) के अंतर्गत दर्ज किया गया। जिन संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, उनमें शरणपुर रोड निवासी प्रसिद्ध ज्योतिषी सचिन देशमुख (43) शामिल हैं। नासिक शहर के एक व्यवसायी की शिकायत के अनुसार, संदिग्ध ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनसे संपर्क कर शेयर बाजार में वित्तीय निवेश की जानकारी दी। ठगों ने उनसे लगातार संपर्क किया और उन्हें शेयर बाजार में निवेश, मुनाफा कमाने के तरीके, पैसा बढ़ने और रिटर्न प्राप्त करने के बारे में विस्तृत जानकारी देकर उनका विश्वास जीता। इसके बाद संदिग्धों ने उन्हें लालच देकर निवेश करने के लिए मजबूर किया कि अगर वे निवेश करेंगे तो उन्हें बहुत आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि इसी के अनुरूप व्यवसायी ने चरणबद्ध तरीके से वित्तीय निवेश करना शुरू किया। संदिग्धों ने नासिक में एक सेमिनार का आयोजन किया। इस दौरान, उन्होंने आमने-सामने बैठक की और उन्हें वित्तीय निवेश के लाभों की जानकारी दी। इस दौरान ठगों के कहने पर व्यवसायी ने अलग-अलग दिनों में एचडीएफसी बैंक के संदिग्ध खाते में 73 लाख रुपया जमा किया लेकिन जब इस पर कोई रिटर्न प्राप्त नहीं हुआ तो उसे संदेह हुआ। उसने रिटर्न प्राप्त करने के लिए संदिग्ध से संपर्क भी किया लेकिन उसे कोई ठोस जवाब प्राप्त नहीं हुआ जिसके बाद उसने पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज की।

पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक और अपराध शाखा के उपायुक्त रविंद्र कुमार चव्हाण के आदेश पर इस संबंध में मामला दर्ज किया गया और साइबर अपराध के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय पिसे नासिक के नेतृत्व में आगे की जांच चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित