नासिक , फरवरी 27 -- महाराष्ट्र में नासिक के एक व्यक्ति के साथ साइबर अपराधियों ने 94 लाख रुपये से अधिक की धाेखाधड़ी की है जिसके बाद क्राइम पुलिस स्टेशन ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता निलेश भाडके के अनुसार, उन्हें 15 अक्टूबर को एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें शेयर बाजार में निवेश कर भारी लाभ कमाने का दावा किया गया था। संदेश पर भरोसा कर उन्होंने प्रेषक से संपर्क किया, जिसके बाद उन्हें एक ऑनलाइन स्टॉक ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ दिया गया।
ग्रुप में खुद को बाजार विशेषज्ञ बताने वाले लोग निवेश संबंधी टिप्स और बड़े मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा कर रहे थे, जिससे पूरे सेटअप को वैध और भरोसेमंद दिखाया गया। अगले ही दिन श्री भाडके से एक ऑनलाइन निवेश फॉर्म भरवाया गया और ट्रेडिंग शुरू करने के लिए एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करने को कहा गया।
ऐप पर खाता खोलने के बाद उन्होंने शुरुआत में छोटी राशि निवेश की। प्लेटफॉर्म पर दिख रहे आकर्षक रिटर्न से प्रभावित होकर उन्होंने धीरे-धीरे निवेश बढ़ा दिया। इस दौरान उन्होंने 10 किश्तों में कुल 94,47,744 रुपये ट्रांसफर किए। ऐप में उनकी राशि करोड़ों रुपये में बढ़ती हुई दिखाई गई।
जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने "टैक्स" के नाम पर अतिरिक्त 10 लाख रुपये की मांग की। इस पर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने और भुगतान करने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनसे संपर्क तोड़ लिया, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित