पटना , अप्रैल 09 -- नगर आयुक्त यशपाल मीणा अंचलों की ओर से प्राप्त नाला उड़ाही कार्य की प्रगति रिपोर्ट पर असंतोष व्यक्त करते हुए सभी छह कार्यपालक पदाधिकारियों से दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण की मांग की है।

पटना नगर निगम मानसून के दौरान सुचारू जल निकासी सुनिश्चित करने एवं संभावित जलजमाव तथा वर्षा जनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर बहुआयामी तैयारियों में जुटा हुआ है। कंट्रोल रूम की ओर से नाला उड़ाही कार्य की लगातार निगरानी की जा रही हैं।

श्री मीणा ने अंचलों की ओर से प्राप्त नाला उड़ाही कार्य की प्रगति रिपोर्ट पर असंतोष व्यक्त करते हुए सभी छह कार्यपालक पदाधिकारियों से दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण की मांग की है। साथ ही, संतोषजनक उत्तर प्राप्ति तक वेतन रोकने का भी आदेश दिया गया है।

गौरतलब है कि मुख्यालय की ओर से सभी अंचलों को अप्रैल के अंत तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।

गुरुवार को निगम मुख्यालय स्थित सभागार में अपर नगर आयुक्त (सफाई) राजन सिन्हा की अध्यक्षता में सभी अंचलों की मानसून पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न अंचलों में चल रहे कार्यों, चुनौतियों और आवश्यक सुधारात्मक कदमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित