बिहारशरीफ , मार्च 27 -- बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ में रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार को भव्य और आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई।

शहर के श्रम कल्याण केंद्र के प्रांगण से शुरू हुई यह शोभायात्रा पूरे शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शोभायात्रा का नेतृत्व पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा( विधायक डॉ. सुनील कुमार ने किया। यात्रा में हजारों की भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल-नगाड़ों और जय श्रीराम के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि रामनवमी का पर्व हमें मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से अपील की कि इस पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं, जिससे समाज में एकता और सौहार्द बना रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित