राजगीर , फरवरी 06 -- बिहार में नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र स्थित एक धर्मशाला में तीन महिला समेत चार पर्यटकों ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह सूचना मिली थी कि धुर्वा मोड़ राजगीर स्थित दिगम्बर जैन धर्मशाला में एक कमरा में बैंगलोर से आये चार जैन तीर्थ यात्री रूके हुये थे, वह पिछले तीन दिन से बंद है तथा उससे बदबू आ रही है। घटनास्थल पर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में दरवाजा तोड़कर कमरा खोला गया तो तीन महिला और एक पुरूष का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। धर्मशाला में संधारित रजिस्टर का अवलोकन करने से यह पता चला कि कमरा जी.आर. प्रसाद के नाम से बुक हुआ था।

सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण डॉग स्क्वायड के द्वारा कराया गया एवं विधि-विज्ञान प्रयोगशाला के विशेषज्ञों द्वारा मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में घटनास्थल की फोटाग्राफी, विडियोग्राफी कराते हुये शवों को उतारा गया। कमरे से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ए.टी.एम कार्ड एवं अन्य कागजात, नगद 1,18,000 रूपया तथा अन्य सामान बरामद किया गया। मृतकों की पहचान कर्नाटक निवासी जी.आर सुमंगला (78), शिल्पा जी.आर (48), श्रुथा जी.बी (43) और जी.आर. नागा प्रसाद (50) के रूप में की गयी है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है।मृतको के सामान में काफी मात्रा में नींद की गोलियां बरामद हुई है।

सूत्रों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल बिहारशरीफ नालंदा भेजा गया है।शवों का पोस्टमॉर्टम मेडिकल बोर्ड गठित कर वीडियोग्राफी कराते हुये किया जायेगा। मृतको के मृत्यु के कारण की जांच के संबंध में एक विशेष जांच दल गठित किया गया है।इसी क्रम में दो सदस्यीये जांच दल गुब्बी, बैंगलोर, कर्नाटक भेजा जा रहा है। धर्मशाला में लगे सी.सी.टी.वी फुटेज प्राप्त कर जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित