उदयपुर , अप्रैल 12 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अलका मुंदडा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को नए युग की दस्तक बताते हुए कहा है कि यह अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

डा मूंदड़ा रविवार को यहाँभाजपा शहर जिला द्वारा आयोजित नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि अब इस अधिनियम के माध्यम से पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। यह महिलाओं के स्वाभिमान आत्मसम्मान और राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा राज्यसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण देने का प्रावधान केवल प्रतिनिधित्व बढ़ाने तक सीमित नहीं है बल्कि नीति निर्माण को अधिक संवेदनशील समावेशी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक ठोस पहल है।

उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन से महिलाएं केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं रहेंगी बल्कि नीति निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इससे शासन की प्राथमिकताओं में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा जहां शिक्षा स्वास्थ्य पोषण सुरक्षा जल और स्वच्छता जैसे विषय अधिक प्राथमिकता प्राप्त करेंगे।

स्थानीय निकायों में महिलाओं के आरक्षण के सकारात्मक परिणाम पहले ही सामने आ चुके हैं और अब यही प्रभाव संसद एवं विधानसभाओं के स्तर पर भी दिखाई देगा।

डॉ. अलका ने कहा कि पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण को व्यापक दृष्टिकोण से आगे बढ़ाया गया है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान ने सामाजिक सोच में सकारात्मक परिवर्तन किया है और बालिकाओं की माध्यमिक स्तर पर नामांकन दर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत करोड़ों खातों के माध्यम से बेटियों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की गई है।

स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित