नारायणपुर , दिसंबर 04 -- छत्तीसगढ में नारायणपुर के नक्सल प्रभावित छोटे डोंगर क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देते हुए संभावित बड़ी घटना को टाल दिया। जिले के अतिसंवेदनशील ग्राम तोयामेटा-पड़बेदा के घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा लगाए गए तीन अत्याधुनिक विस्फोटक उपकरण (आईईडी) बरामद कर पुलिस ने उन्हें मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।
घटना की पुष्टि करते हुए नारायणपुर पुलिस ने बताया कि समय रहते मिली सूचना और संयुक्त बल की त्वरित कार्रवाई ने गश्ती दल एवं ग्रामीणों की जान को गंभीर खतरे से बचाया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से गुरुवार को मिली जानकारी के मुताबिक, विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि नक्सलियों ने मादिन नदी किनारे पड़बेदा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर गश्ती दल को क्षति पहुंचाने उद्देश्य से विस्फोटक दबाए हैं। सूचना अत्यंत महत्वपूर्ण थी, तत्काल संयुक्त टीम रवाना कर क्षेत्र में घेराबंदी की गई थी।
अभियान में ओरछा स्थित 29वीं वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), नारायणपुर के बम निरोधक दस्ते, थाना छोटे डोंगर पुलिस बल तथा आईटीबीपी खोची स्वान शामिल थे। टीम ने लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र को सुरक्षा घेरा बनाकर तलाशी लिया। तलाशी के दौरान नदी किनारे पगडंडी मार्ग से तीन कुकर बम बरामद हुए, जिनमें प्रत्येक बम का वजन लगभग तीन किलो था। बीडीएस टीम ने सभी आईईडी को सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मौके पर ही सफलतापूर्वक निष्क्रिया कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित