नारायणपुर, फरवरी 05 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस और जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की संयुक्त टीम ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान चलाकर गुरुवार को हथियार निर्माण इकाई (फैक्ट्री) का पर्दाफाश किया और भारी मात्रा में अवैध हथियार के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की।

विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर, नारायणपुर पुलिस की डीआरजी टीम ने थाना सोनपुर क्षेत्र के कोरसकोड़ों-पाँगुड-कंदुलपार इलाके में एक सघन तलाश अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक बड़े डंप का पता चला। तलाशी में हथियार बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली सैकड़ों किलोग्राम सामग्री जब्त की गई। बरामद सामग्री में लगभग 1000 किलोग्राम एल्यूमीनियम की छड़ें, हजारों की संख्या में विभिन्न आकार के लोहे के पाइप, इलेक्ट्रिक कटर, वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, कटर व्हील और विभिन्न मशीनी उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा एसएलआर और पिस्टल की खाली मैगजीन भी मिली।

पुलिस अधीक्षक नारायणपुर रॉबिन्सन गुरिया ने बताया कि यह कार्रवाई नक्सल विरोधी निरंतर अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा, "नक्सलवाद के विरुद्ध हमारा अभियान निरंतर जारी है। सुरक्षा बलों की यह मुस्तैदी क्षेत्र में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।" उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हाल ही में कोरसकोड़ों में एक नया सुरक्षा कैंप स्थापित किया गया है और 'माड़ बचाओ' अभियान के तहत लगातार ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं को अंदरूनी गांवों तक पहुंचाने और विकास कार्यों में सहयोग से आम नागरिकों का विश्वास हासिल हो रहा है, जिसके चलते ऐसी खुफिया जानकारियां सुरक्षा बलों तक पहुंच रही हैं।

यह अभियान बिना किसी जनहानि या सुरक्षा बल के जवानों के घायल हुए सफलतापूर्वक पूरा किया गया। बरामद सभी सामग्री को थाना सोनपुर लाकर सुरक्षित रख लिया गया है। इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नारायणपुर पुलिस और केन्द्रीय सुरक्षा बलों द्वारा अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान और तेज किए जाने की बात कही जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित