चंडीगढ़ , अक्टूबर 17 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने राज्य में भाजपा सरकार (3.0) के सफलतम एक वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं। उन्होंने कहा कि नायब सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से आज हरियाणा कृषि, खेल, स्वास्थ्य और शिक्षा के साथ-साथ उद्योग और आधुनिकता के क्षेत्र में भी राष्ट्र का गौरव बन रहा है।

डॉ. पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा ऐतिहासिक प्रगति कर रहा है और विकसित हरियाणा की दिशा में तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि नायब सरकार प्रधानमंत्री के विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए तीन गुना गति से विकास कार्य कर रही है।

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने बताया कि तीसरे कार्यकाल के पहले वर्ष में नायब सरकार ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इस एक वर्ष में सरकार ने संकल्प पत्र के 48 वादों को पूरा कर जनआकांक्षाओं पर खरा उतरने का कार्य किया है। लाड़ो लक्ष्मी योजना को लागू करना महिला सशक्तिकरण की दिशा में नायब सरकार का महत्वपूर्ण कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित